बैतूल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही पुलिस ने करीब नौ लाख रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि 20 मई 2026 को बोरदेही थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार मुख्य आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने (38) पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ की जा रही है तथा लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार फरियादी विक्की साहू की दुकान के समीप आरोपी की दुकान होने के कारण उसे यह जानकारी मिल गई थी कि पीड़ित प्रदीप झरबड़े बैंक से बड़ी राशि निकालने आमला गया है। आरोप है कि उसने फोन के माध्यम से पीड़ित के आने-जाने का समय, वाहन और हुलिए की जानकारी अपने साथियों तक पहुंचाई, जिसके आधार पर आरोपियों ने पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की पहचान की गई। इस संबंध में थाना बोरदेही में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक देवानंद उर्फ देवा इवने आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, मारपीट, जुआ तथा आर्म्स एक्ट सहित आठ से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह छिंदवाड़ा जिले के नवेगांव थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश भी है। पुलिस ने लोगों से बड़ी राशि लेकर यात्रा के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित