यमुनानगर , अक्टूबर 24 -- हरियाणा के यमुनानगर शहर के लोगों को जल्द ही सुकून और सैर का नया ठिकाना मिलने वाला है। पश्चिमी यमुना नहर के किनारे नौ करोड़ रुपए की लागत से भव्य रिवर वाटर फ्रंट विकसित किया जाएगा।

दिव्य नगर योजना के तहत ओपी जिंदल पार्क के पीछे से लेकर फतेहपुर पुल तक साढ़े चार किलोमीटर लंबे ट्रैक को नया रूप दिया जाएगा। इस पूरे मार्ग को 5 मीटर चौड़ा बनाकर इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और मेयर सुमन बहमनी ने शनिवार को संयुक्त रूप से परियोजना की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मंत्री मदन चौहान, जिलाध्यक्ष राजेश सपरा समेत निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित