नयी दिल्ली , अक्टूबर 06 -- रक्षा मंत्रालय ने नौसेना के युद्धपोतों के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर खरीदने के लिए ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के साथ 661.50 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किये हैं।
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यह खरीद भारतीय कंपनियों से की जायेगी। इस अनुबंध पर यहां रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किये गये।
परियोजना में करीब 68 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री होगी और इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों समेत विभिन्न भारतीय उद्योगों की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना से तीन साल की अवधि में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इससे भारत की समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षमताएं मजबूत होंगी तथा सैन्य तकनीक को देश में विकसित करने के प्रयासों को बढ़ावा मिलेगा।
नौसेना के अग्रिम पंक्ति के विभिन्न युद्धपोतों पर ब्रह्मोस प्रणाली पहले से लगी है। यह समुद्री हमले के लिए सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल संचालन प्रणाली है। यह सुपरसोनिक गति से सटीक निशाना साधने के साथ जमीन और समुद्र दोनों दिशाओं से लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित