नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को दो दिन की यात्रा पर आंध्र प्रदेश जायेंगी जहां वह नौसेना के अंतर्राष्ट्रीय बेड़ा निरीक्षण समारोह में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को बताया कि तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर श्रीमती मुर्मु बुधवार को विशाखापत्तनम में नौसेना के अंतर्राष्ट्रीय बेड़े की समीक्षा करेंगी।

इस अवसर पर भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत के साथ-साथ विशाखापत्तनम श्रेणी के विध्वंसक, नीलगिरि श्रेणी के अत्याधुनिक मारक क्षमताओं से लैस युद्धपोत और अर्नाला श्रेणी के पनडुब्बी रोधी युद्धपोतों सहित अत्याधुनिक स्वदेशी नौसैनिक प्लेटफार्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

यह भव्य आयोजन भारत की सशक्त नौसेना का प्रतीक है और इसमें भारतीय नौसेना के युद्धपोतों के साथ मित्र देशों की नौसेनाओं, भारतीय तटरक्षक बल तथा व्यापार, परिवहन एवं आपूर्ति क्षेत्र के अलग-अलग पोत भी भाग लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित