नई दिल्ली , अक्टूबर 27 -- भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंच गया है जहां श्रीलंकाई नौसेना ने इन जहाजों का जोरदार स्वागत किया।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि सोमवार को कोलंबो पहुंचे इस स्क्वाड्रन में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तीर, आईएनएस सुजाता और भारतीय तटरक्षक जहाज आईसीजीएस सारथी शामिल हैं। इस दौरे का उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच पेशेवर संपर्क बढ़ाना और प्रशिक्षण ले रहे नौसैनिक प्रशिक्षुओं को आपसी अनुभव साझा करने का अवसर देना है।

इस दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के कर्मी एक-दूसरे के जहाजों का दौरा करेंगे और संयुक्त मार्ग अभ्यास (पैसेक्स) में हिस्सा लेंगे। इन गतिविधियों से उन्हें एक-दूसरे की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं को समझने तथा पेशेवर जानकारी साझा करने का अवसर मिलेगा। जहाजों पर मौजूद प्रशिक्षुओं से श्रीलंकाई नौसेना के नौसैनिक प्रशिक्षण महानिदेशक और पूर्वी नौसैनिक क्षेत्र के कमांडर ने भी बातचीत की।

इस दौरान स्थानीय समुदाय के साथ संपर्क बढ़ाने वाली गतिविधियां और आम लोगों के लिए जहाजों के दौरे भी आयोजित किए जाएंगे। भारतीय नौसेना के अनुसार, यह यात्रा भारत और श्रीलंका के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग को दर्शाती है। यह भारत के 'महासागर' दृष्टिकोण के अनुरूप भी है, जिसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित