रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ के रायपुर में नौतपा के दूसरे दिन भीषण गर्मी और लू चलती रही। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झुलसने वाली गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही और दोपहर के दौरान जनजीवन प्रभावित नजर आया।
बुधवार शाम हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। रायपुर सहित कई इलाकों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के बाद केवल बूंदाबांदी हुई, वहीं कुछ इलाकों में बारिश नहीं होने से गर्मी का असर बरकरार रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिला है। इसके चलते अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। विभाग ने अगले दो दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने की अनुमान जताया है। इस दौरान प्रदेश के एक-दो हिस्सों में लू चल सकती है। इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।
प्रदेश में बुधवार को दुर्ग में सबसे अधिकतम तापमान में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कबीरधाम में 44 डिग्री, बेमेतरा में 43.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 43.7 डिग्री तथा रायपुर में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर में आज भी लू की स्थिति बनी रहने का अनुमान है। विभाग के अनुसार शहर में अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित