अलवर , मई 28 -- राजस्थान के अलवर जिले में तीसरे दिन नौतपा की भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर असर डालने लगी है।

नौतपा की शुरुआत के साथ ही अलवर में गर्मी के तेवर और अधिक तीखे हो गये हैं। सुबह से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं और दोपहर तक सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्म हवाओं का असर अब अस्पतालों में भी साफ दिखाई देने लगा है। अलवर के राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल की ओपीडी में आने वाली मरीजों की संख्या एक दिन में करीब एक हजार तक पहुंच गयी है।

अस्पताल में बुखार, सिर दर्द, पेट दर्द, उल्टी, जुकाम और लू से प्रभावित मरीज बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ नजर आ रही है। भीषण गर्मी के चलते बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

गर्मी और लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने विशेष इंतजाम किये हैं। अस्पताल में लू प्रभावित मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाया गया है, जहां मरीजों को प्राथमिक उपचार और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था है और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टर भवानी शंकर ने लोगों से सतर्क रहने आ आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि तेज धूप और लू से बचने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें। घर से बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें और दोपहर में तेज गर्मी में बाहर निकलने से बचें। उन्होंने कहा कि शरीर में पानी की कमी होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित