अलवर , मई 28 -- राजस्थान के अलवर में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और बहरोड़, नीमराना, टपूकड़ा और खैरथल के बाद अलवर शहर में भी मौसम का मिजाज बदल गया।

तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की बौछारों ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी। शाम होते-होते आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ हवाएं चलने लगी। इसके बाद कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। दिनभर भीषण गर्मी से परेशान लोगों ने मौसम सुहावना होने पर राहत महसूस की।

दोपहर में जहां तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं शाम को मौसम बदलने के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक रह गया। ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम बदलने के बाद लोग घरों से निकलते दिखाई दिए। हालांकि तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर धूल उड़ने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की भी सूचना मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक जिले में मौसम इसी तरह बना रह सकता है। कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित