चेन्नई , जुलाई 12 -- वियतनाम में नाव दुर्घटना में मरे भारतीयों के शवों को स्वदेश लाने के लिए रतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी संतोष हदिमनी वियनतनाम के लिए रवाना हो गये हैं।

गौरतलब है कि वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के निकट शनिवार को पर्यटक नौका पलटने से 15 भारतीयों की मौत हो गयी थी,जिनमें 10 तमिलनाडु के निवासी थे। तमिलनाडु सरकार मृतकों के शव स्वदेश लाने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर रही है। मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सलेम रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक हदिमनी को तत्काल वियतनाम रवाना होने के निर्देश दिये।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मृतकों में 10 तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के निवासी थे। हादसे के समय चार चालक दल के सदस्यों सहित कुल 36 लोग होन मे रुट नगोआई द्वीप की ओर जा रहे थे। तट से करीब 300 से 400 मीटर की दूरी पर कथित रूप से अधिक भीड़ होने के कारण नौका पलट गयी। इस दुर्घटना के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। तमिलनाडु के मृतक तिरुचिरापल्ली, सलेम, धर्मपुरी तथा डिंडीगुल जिले के पलानी क्षेत्र के निवासी थे। इनमें अधिकांश लोग लावा मोबाइल्स के वितरक थे, जिन्हें बिक्री लक्ष्य हासिल करने पर प्रोत्साहन यात्रा के तहत वियतनाम भेजा गया था। कंपनी के आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ कर्मचारी भी इस दल में शामिल थे।

तमिलनाडु सरकार ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन भी शुरू की है। राज्य सरकार ने रविवार को कहा कि वह विदेश मंत्रालय और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क में है।

श्री विजय ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली स्थित तमिलनाडु हाउस के अधिकारियों, विदेश मंत्रालय और वियतनाम में भारतीय दूतावास को तमिलनाडु के पर्यटकों का विवरण जुटाने, बचाव अभियान में समन्वय स्थापित करने और प्रभावितों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं।

लंदन दौरे पर गये पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीयों की मौत का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

इस बीच लावा कंपनी ने एक बयान में कहा कि वियतनाम में घटित हुई इस दुखद दुर्घटना से कंपनी के कुछ चैनल पार्टनर और कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं। कंपनी ने कहा कि वह वियतनाम में भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है तथा भारत और वियतनाम में उसकी टीमें प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही हैं।

कंपनी ने बताया कि हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। जानकारी या सहायता के लिए परिजन 84 36 281 7930, 84 91 552 37 14 और 84 33 452 0414 पर संपर्क कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित