चंदौली , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले की मुगलसराय पुलिस और साइबर सेल ने सर्विलांस टीम की मदद से महिलाओं को नौकरी व मकान दिलाने के बहाने बुलाकर बंधक बनाने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 14 मई और 16 अगस्त को दो महिलाओं को डहिया स्थित मकान में बंधक बनाकर उनके अश्लील वीडियो बनाए और वायरल करने की धमकी देकर परिजनों से फिरौती मांगी। दोनों मामलों में आरोपियों ने ऑनलाइन माध्यम से करीब 1.89 लाख रुपये भी ट्रांसफर कराए।

जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना विजय कुमार गुप्ता उर्फ रॉकी पहले ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस चलाता था। वर्ष 2023 में धोखाधड़ी के बाद उसने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं से बदला लेने के लिए गिरोह बनाया। आरोपी महिलाओं को फर्जी पुलिस टीम बनकर डराते-धमकाते थे।

गिरफ्तार महिला अंजली गुप्ता खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़िताओं को डराती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, 72,300 रुपये नकद, नौ एटीएम कार्ड, फर्जी आधार-पैन कार्ड, बैंक पासबुक-चेकबुक, पोर्टेबल वाईफाई डिवाइस, टॉर्चर किट, एक बाइक और स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित