बालोद , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दो मजदूरों को नागपुर की बिस्किट फैक्ट्री में रोजगार दिलाने का झांसा देकर तमिलनाडु ले जाने और वहां बंधक बनाकर परिजनों से रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीड़ितों के परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से दोनों मजदूरों की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।

जिला पुलिस से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र के करहीभदर गांव का है। यहां रहने वाले दो मजदूरों को कुछ दलालों ने नागपुर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। रोजगार की उम्मीद में दोनों मजदूर दलालों के साथ रवाना हो गए, लेकिन उन्हें नागपुर पहुंचाने के बजाय तमिलनाडु ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है कि तमिलनाडु पहुंचने के बाद दोनों मजदूरों को एक स्थान पर बंधक बना लिया गया। इसके बाद अज्ञात लोगों ने उनके परिवारों से फोन पर संपर्क कर मजदूरों की रिहाई के बदले रुपये की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं देने पर मजदूरों को नहीं छोड़ने की धमकी भी दी गई।

परिजनों के मुताबिक, मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने मांग के अनुरूप 16 हजार रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित कर दिए। इसके बावजूद दोनों मजदूरों को मुक्त नहीं किया गया। आरोप है कि रुपये मिलने के बाद भी संबंधित लोग लगातार धमकी दे रहे हैं और दोबारा रकम की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित