अल्मोड़ा , जुलाई 27 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी के आरोपी को सोमवार को उप्र के अमरोहा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दो साल से फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के के अनुसार विगत 05 जुलाई, 2024 को भगत सिंह नेगी निवासी ग्राम रूदबो, भतरौजखान ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि सुरेश सिंह नेगी निवासी पांडे कोटा, रानीखेत ने उनके पुत्र को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे Rs.2.50 लाख की धोखाधड़ी की।
तहरीर के आधार पर थाना भतरौजखान में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया और तब से लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ़ कुर्की की कार्रवाई शुरू की। साथ ही अदालत से गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त किया। इसी के साथ ही थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी रही।
आखिरकार पुलिस टीम ने आरोपी को आज अमरोहा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित