मैनपुरी , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में साइबर सेल और साइबर क्राइम थाना पुलिस ने नामी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, 15,200 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड और दो चेकबुक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरोह के पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (निवासी चन्दौसी, जिला सम्भल) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 में रह रहा था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले नोएडा के एक कॉल सेंटर में काम करता था। वहां से ठगी के तरीके सीखने के बाद उसने करीब दो वर्ष पहले अपना अवैध कॉल सेंटर शुरू कर दिया।
जांच में पता चला कि आरोपी 'एमएस सॉल्यूशन' नाम से एक फर्जी फर्म चलाता था। वह नौकरी तलाश रहे युवाओं का डेटा जॉब पोर्टल मॉन्स्टर डॉट कॉम से करीब 26 हजार रुपये में खरीदता था। इसके बाद गिरोह दक्षिण भारत, महाराष्ट्र, गुजरात और तमिलनाडु के युवाओं को निशाना बनाता था। उन्हें एयर इंडिया सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी ई-मेल भेजे जाते थे। विश्वास जीतने के लिए फर्जी इंटरव्यू कार्ड और जॉइनिंग लेटर भी जारी किए जाते थे।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद अभ्यर्थियों से रजिस्ट्रेशन और ट्रेनिंग फीस के नाम पर रकम जमा कराई जाती थी। ठगी की रकम बैंक खातों में मंगवाकर गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित