नोएडा , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 11 फीस बुक, 4 रसीद बुक, 22 प्रचार-प्रसार पम्पलेट तथा 20 अभ्यर्थियों के भरे हुए भर्ती फॉर्म बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई की जानकारी साझा की उन्होंने बताया कि, सोमवार को अट्टा मार्केट, सेक्टर-27 स्थित एक बिल्डिंग में साइबर टीम और सेक्टर-20 थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सूचना के आधार पर स्वेता सिंह उर्फ प्रिया, नीजू यादव, कीर्ति सिंह उर्फ मीरा, पूजा, रूपेश कुमार और आमीर राणा को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर रुपये वसूलते थे। इसके लिए वे प्रचार-प्रसार पम्पलेट, फीस बुक और रसीद बुक का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-20, थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, उनके बैंक खातों, अब तक ठगी का शिकार हुए लोगों की संख्या और ठगी की कुल रकम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों या शहरों से जुड़े हैं या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित