बुरहानपुर , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के नेपानगर क्षेत्र में डाकघर में नौकरी दिलाने के नाम पर 19 युवाओं से एक करोड़ 40 लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार मुख्य आरोपी धीरज चौधरी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी दोपहर करीब एक बजे अपने वकील के साथ नेपानगर न्यायालय पहुंचा और आत्मसमर्पण किया। पुलिस के मुताबिक नेपानगर सहित आसपास के 19 युवाओं को डाकघर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे एक करोड़ 40 लाख रुपये ठगे गए थे।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में पूर्व में दो आरोपियों रईस खान और अनिल भाटी को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी धीरज चौधरी पिछले नौ माह से फरार था। मामले में चौथा आरोपी रामकृष्ण अब भी फरार है। नेपानगर थाने के उपनिरीक्षक चेतराम निकुंभ आरोपी धीरज से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उससे ठगी की रकम तथा फरार आरोपी रामकृष्ण के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित