ग्वालियर , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में नौकरी देने के नाम पर कार्यालय बुलाकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के संजय कॉम्पलेक्स की है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुरानी छावनी स्टोन पार्क निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले वह काम की तलाश में होटल द ग्राण्ड गिर्राज जी मंदिर के सामने गई थी। वहां उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने अपना नाम तुषार अग्रवाल बताया। बाद में उसे पता चला कि उसका नाम अरुण रावत है। आरोपी ने उसे संजय कॉम्पलेक्स स्थित अपने कार्यालय में चाय-पानी और सफाई का काम करने के लिए आठ से 10 हजार रुपये प्रतिमाह देने की बात कही।
युवती के अनुसार वह 20 सितंबर को कार्यालय देखने पहुंची। इसके बाद आरोपी ने उसे अलग-अलग तारीखों में फोन कर कार्यालय बुलाया और काम शुरू करने की बात कही। 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे आरोपी के बुलाने पर वह संजय कॉम्पलेक्स स्थित कार्यालय पहुंची। आरोप है कि आरोपी उसे कार्यालय के ऊपर बने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी तथा जातिगत गालियां दीं। इसके बाद युवती वहां से निकलकर घर पहुंची।
युवती ने बताया कि आरोपी की धमकी के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सकी। बाद में उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी और उनके हौसला देने पर इंदरगंज थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके कार्यालय पहुंची तो वह बंद मिला। पुलिस के अनुसार आरोपी यहां से मशीनें बेचने का काम करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित