हनुमानगढ़ , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर शहर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करके खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

कार्रवाई के दौरान 714 लीटर सरसों का तेल एवं घी जब्त किया गया, वहीं विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिली अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ नवनीत शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने नोहर में संचालित मैसर्स रामसुख दास पवनकुमार से सरसों के तेल अनामिका ब्रांड, मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से घी आनन्दा ब्रांड, मैसर्स नवीन देसी घी, पालीवाल गोल्ड ब्रांड एवं खुले घी, मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया एवं सरसों के तेल के नमूने संग्रहित किए। मैसर्स चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं बेसन बर्फी और मैसर्स श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए।

उन्होंने बताया कि इनकी प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मेसर्स रामसुख दास पवनकुमार से 280 लीटर सरसों का तेल अनामिका ब्रांड जब्त किया। इसी प्रकार मेसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से 434 लीटर घी आनन्दा ब्रांड जब्त किया गया। इन दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 714 लीटर खाद्य तेल एवं घी को अग्रिम कार्रवाई तक बिक्री एवं उपयोग से प्रतिबंधित करते हुए जब्त किया गया।

इसके अलावा मैसर्स दिनेश एजेंसी एवं मेसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज पर जांच के दौरान अवधिपार पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक के साथ जीरा, बिस्किट एवं विभिन्न मसालों के करीब 200 पैकेट शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित