हनुमानगढ़ , अगस्त 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर तहसील क्षेत्र के गांव ललनावास दिखनादा गांव का युवा फौजी मनीष ढाका पिछले 45 दिनों से लापता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय सेना की 14 जाट रेजीमेंट में हवलदार के पद पर पदस्थ मनीष ढाका (30) चार जुलाई को पंजाब के फिरोजपुर कैंट छावनी से लापता हो गया। परिवार, सेना और पुलिस की तलाश के बावजूद अब तक उसका कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

मनीष ढाका करीब 13 वर्षों से भारतीय सेना में सेवारत है। वह फिरोजपुर कैंट में 14 जाट रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात था। परिजनों के अनुसार उसकी ड्यूटी एक उच्च अधिकारी के निजी गार्ड के रूप में थी। वह चार जुलाई को छावनी से अचानक लापता हो गया। मनीष ने अपने क्वार्टर में सभी महत्वपूर्ण कागजात छोड़ दिये थे। इनमें एटीएम कार्ड भी शामिल है। वह सिर्फ अपना मोबाइल फोन लेकर छावनी से बाहर निकला। उसी दिन रात को उसे फिरोजपुर रेलवे स्टेशन पर आखिरी बार देखा गया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में वह स्पष्ट रूप से नजर आया। उसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद है और कोई संपर्क नहीं हो पाया।

मनीष की पत्नी और दो बच्चे गांव में ही रहते हैं। उसके भाई प्रमोद ने बताया कि मनीष को घर-परिवार से कोई परेशानी नहीं थी। वह सामान्य रूप से ड्यूटी कर रहा था। प्रमोद ने बताया कि 45 दिन हो गये हैं, कहीं से कोई खबर नहीं मिली। सेना की ओर से फिरोजपुर के संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी। परिजनों ने भी पुलिस को सूचना दी थी। डेढ़ महीने से तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई परिणाम नहीं निकला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित