नोएडा , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक यात्री उड़ानों का परिचालन इस साल 15 जून से शुरू होगा।
हवाई अड्डा संचालक की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पहली उड़ान इंडिगो होगी। इसके बाद जल्द ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। समय-सारिणी, गंतव्यों और यात्री सेवाओं से संबंधित विवरण अभी साझा नहीं किये गये हैं।
नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण ज्युरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था, लेकिन इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी के विदेशी होने के कारण नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो से उड़ानों के परिचालन की अनुमति नहीं मिल पा रही थी।
गत 24 अप्रैल को श्री क्रिस्टोफ श्नेलमैन की जगह कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नीतू सामरा को अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने के बाद उड़ानें शुरू करने की अनुमति मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित