नोएडा , जून 05 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-74 स्थित एक सोसाइटी में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे सोसाइटी परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मौके से अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और उठता धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य शुरू किया। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, हालांकि प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग का कहना है कि आग पूरी तरह बुझाए जाने के बाद जांच की जाएगी, जिसके बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस और दमकल विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से आग बुझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित