नोएडा , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-74 स्थित बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी सुपरटेक कैपटाउन में शनिवार रात एक 30 वर्षीय युवक ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

रविवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि,मृतक की पहचान अमन गुप्ता पुत्र अनिल गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, निवासी नोएडा सेक्टर 74 सुपरटेक कैपटाउन, के रूप में हुई है। शनिवार की रात अमन द्वारा कमरे में पंखे से फांसी लगाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना की परिस्थितियों और मौके से जुड़े साक्ष्यों की जांच के लिए पुलिस अधिकारीगण के साथ फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम द्वारा मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।

फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-113 थाना पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित