नोएडा , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में मंगलवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सेक्टर-62 स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) की तीन नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विशेष पुलिस टीमें गठित कीं और कुछ ही समय में तीनों छात्राओं को जनपद अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि, राजकीय बालगृह की तीनों बालिकाएं, जिनकी उम्र क्रमशः 10 वर्ष, 12 वर्ष और 13 वर्ष है, संस्था की बस से महिला हेल्पर के साथ सेक्टर-51 स्थित एक विद्यालय में पढ़ने गई थीं। लंच ब्रेक के दौरान तीनों छात्राओं ने वॉशरूम जाने की बात कही, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। महिला हेल्पर ने विद्यालय परिसर में उनकी तलाश की, लेकिन जब वे कहीं नहीं मिलीं तो इसकी सूचना विद्यालय की प्रधानाचार्य और राजकीय बालगृह की प्रभारी को दी गई।
पुलिस जिसके पश्चात विद्यालय प्रशासन द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई,सूचना मिलते ही सेक्टर-49 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों छात्राएं एक ही कक्षा में पढ़ती हैं और वॉशरूम जाने के बहाने विद्यालय से बिना किसी को बताए बाहर निकल गई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित