नोएडा , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-32 में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना पुराने मॉल के सामने की बताई जा रही है, जहां अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
प्सड़क किनारे एक वेगनआर कार खड़ी थी। तभी पीछे से तेज गति में आ रही मर्सिडीज कार ने नियंत्रण खोते हुए वेगनआर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के आगे-पीछे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
हादसे में मर्सिडीज कार में सवार एक महिला को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित