नोएडा , फरवरी 22 -- आम जनता को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 33ए स्थित नोएडा शिल्प हाट में रविवार को मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल गौतमबुद्धनगर जिला न्यायाधीश श्री अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि "कानून की जानकारी ही आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है। जब लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे, तभी सशक्त समाज का निर्माण संभव है।"शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रक्रियाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।
शिविर की विशेषता यह रही कि यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्याण और अन्य विकास योजनाओं से संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से कानून की महत्वपूर्ण बारीकियों को समझा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित