नोएडा , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित एक वाटर पार्क में नहाते समय अचानक तबियत बिगड़ने पर एक युवक की मौत हो गयी है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात सूचना मिलते ही थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के पानी में नहाने के कुछ देर बाद पूल से बाहर आकर बैठने के दौरान तबियत खराब हो गयी, जिस पर परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।
मृतक युवक का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन बताया गया है कि वह चंडीगढ़ का ही निवासी था और अपने परिवार के साथ वाटर पार्क आया था।
सेक्टर-39 थाना के पुलिस अधिकारी ने बताया कि यदि किसी प्रकार की लापरवाही या कोई अन्य कारण सामने आता है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना के कारणों की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित