नोएडा , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद मुजफ्फर अंसारी पुत्र जियाबुल अंसारी तथा टिंकू पुत्र रामबाबू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर नौ फेस वन थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें सेक्टर आठ स्थित नर्सरी के गेट के पास से गिरफ्तार किया।

आरोपियों द्वारा पश्चिम बंगाल से गांजा छोटे-छोटे पैकेटों में पैक कर ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाया जाता था। तस्करी के दौरान गांजे के पैकेटों को ट्रेन की अलग-अलग बोगियों में रखवाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। दिल्ली पहुंचने के बाद इन पैकेटों को इकट्ठा कर एक बड़ी बोरी में रखा जाता था।

इसके बाद आरोपी किराये के ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा की मदद से गांजे की खेप को विभिन्न फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचाते थे और अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ फेस वन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित