नोएडा , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सेक्टर-21 स्थित मोदी मॉल के सामने चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान ''वोट चोरी नहीं चलेगी'' और ''ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो'' जैसे नारों के पोस्टर लेकर सपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।
सपा नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉक्टर आश्रय गुप्ता एवं अन्य सपा नेता ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। इस दौरान नोएडा महानगर सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा बेहद जरूरी है और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। इसी मुद्दे को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर अपना आक्रोश जाहिर किया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की जवाबदेही का मुद्दा भी उठाया। विरोध प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
मोदी मॉल चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित