ग्रेटर नोएडा , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एमबीए छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि चंदन बर्नवाल पुत्र देवेन्द्र बर्नवाल निवासी टमला फ्रिज थाना फरीदापुर, पश्चिम बंगाल हाल पता सी-130 बीटा प्लाजा थाना बीटा-दो, अपनी साथी चांदनी कुमारी गुप्ता पुत्री स्वर्गीय राजू प्रसाद गुप्ता के साथ बाइक पर जीएल बजाज कॉलेज से एमबीए सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देकर लौट रहे थे।

इसी दौरान एलजी गोलचक्कर के पास उनकी बाइक की टक्कर ट्रक से हो गई। हादसा इतना भीषण था कि चांदनी कुमारी गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन बर्नवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचित किया है। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक उपेन्द्र प्रसाद यादव पुत्र कामेश्वर प्रसाद यादव निवासी ग्राम मधुरापुर थाना कऊआकोल जिला नवादा, बिहार को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित