नोएडा , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर नोएडा प्राधिकरण ने श्रमिकों के कल्याण के लिए एक बड़ी पहल की है। प्राधिकरण द्वारा शहर में चार अलग-अलग स्थानों पर श्रमिकों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए सेक्टर 11, 156, 80 और 83 में एक-एक एकड़ के चार प्लॉट चिह्नित किए गए हैं।
प्राधिकरण द्वारा शनिवार को जानकारी साझा की गई, जिसमें बताया गया कि,इन प्रस्तावित आवासों में श्रमिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए गैस पाइपलाइन, डिस्पेंसरी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि यह आवास उन श्रमिकों को किराए पर दिए जाएंगे, जिनकी मासिक आय 30 हजार रुपये से कम है, जिससे उन्हें सस्ती और सुरक्षित रहने की सुविधा मिल सके।
इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी श्रमिकों के लिए आवासीय योजना तैयार करने में जुटा हुआ है। साथ ही, एक मई से श्रमिकों के लिए हॉस्टल स्कीम शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है, जिससे अस्थायी और प्रवासी श्रमिकों को राहत मिलेगी।
वहीं, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण ने भी इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए श्रम विभाग को पांच एकड़ जमीन देने का निर्णय लिया है, जहां श्रमिकों के लिए आवासीय और अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए तीन नए अस्पतालों के निर्माण की तैयारी भी तेजी से चल रही है।
इस पूरी पहल से न केवल श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि उन्हें बेहतर आवास, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित