नोएडा , मई 05 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की दस मोटरसाइकिलें, दो स्कूटी और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर टी-ब्लॉक सेक्टर-11 क्षेत्र में छापेमारी कर अभियुक्त अनीकेत उर्फ अंकित (24) और रतन सिंह उर्फ रवि (23), दोनों निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि ये शातिर वाहन चोर पहले भीड़-भाड़ वाले इलाकों और घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वाहनों को नोएडा सेक्टर-54, के जंगल और झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और फिर धीरे-धीरे कम कीमत पर जरूरतमंद लोगों को बेच देते थे। चोरी से मिली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार दोनों आरोपी पकड़े जाने के डर से अपने पास अवैध चाकू रखते थे। अभियुक्तों पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। खासतौर पर अनीकेत पर पंद्रह से अधिक और रतन पर सात से ज्यादा मुकदमे दर्ज पाए गए हैं, जिससे उनके पेशेवर अपराधी होने की पुष्टि होती है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा चोरी के वाहनों को किन-किन लोगों को बेचा गया। साथ ही अन्य संभावित वारदातों का भी खुलासा किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित