नोएडा , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-63 क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे द्वारा आज यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही फायर यूनिट ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले 19 वर्षीय युवती से संवाद स्थापित किया और उसे शांत करने की कोशिश की। इसके बाद हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

घटना के दौरान उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीपी) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। प्रशासन की त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि युवती मूल रूप से महाराजगंज के चौक बाजार की रहने वाली है और पिछले लगभग तीन वर्षों से नोएडा में रह रही थी। पारिवारिक समस्याओं के कारण वह मानसिक रूप से तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित