नोएडा , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन पर बुधवार को एक युवती ने मेट्रो ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गयी।

घटना के तुरंत बाद मेट्रो स्टेशन में तैनात सुरक्षा कर्मी एवं अन्य स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचे और ट्रैक पर गिरी युवती को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया ।

स्थानीय पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची तथा अस्पताल में भर्ती युवती की जानकारी एवं जांच की कार्रवाई में जुट गई।

पुलिस ने जानकारी दी यह घटना नोएडा के थाना फेज वन क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती अचानक प्लेटफॉर्म से ट्रैक पर कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस और मेट्रो स्टाफ की मदद से घायल युवती को ट्रैक से बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस उसकी पहचान करने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना के चलते कुछ समय के लिए मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

पुलिस का कहना है कि युवती के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित