नोएडा , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्रांतर्गत सेक्टर-119 स्थित एक बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर सोमवार को अचानक आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और फ्लैटों में रहने वाले लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आज सुबह करीब 8:30 बजे दमकल विभाग को 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग आधा दर्जन गाड़ियां और अग्निशमन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। ऊंची इमारत होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोकते हुए उस पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (एसी) के फटने के कारण आग लगी। एसी में विस्फोट के बाद आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई और फ्लैट में रखा घरेलू सामान इसकी चपेट में आ गया। आग के कारण इमारत से घना काला धुआं निकलने लगा, जिससे सोसाइटी में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के दौरान थाना सेक्टर-113 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने सोसाइटी में जुटी भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने में मदद की, जिससे राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सका।

हालांकि दमकल विभाग की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार इस अग्निकांड में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित