नोएडा , जून 28 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 20 थाना क्षेत्र के सेक्टर 31 स्थित एक निर्माणाधीन भवन में रविवार को ऊंचाई से गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गयी।

मृतक की पहचान संतोष (35 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने रविवार को बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर 20 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, ताकि मौत के कारणों की औपचारिक पुष्टि हो सके।

प्रारंभिक जांच में यह मामला कार्य के दौरान संतुलन बिगड़ने से हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के समय संतोष अन्य मजदूरों के साथ निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों और अन्य मजदूरों ने तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित