नोएडा , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर 33 स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्री बलराम के जन्मोत्सव बलराम पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। हर्षोल्लास, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस समारोह में करीब डेढ़ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दिनभर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, अभिषेक, विशेष श्रृंगार, भोग अर्पण और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा।शुक्रवार को उत्सव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंदिर संचालन समिति एवं कार्यकारिणी सदस्य द्वारा बताया गया कि उत्सव का मुख्य कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे भावपूर्ण भजन-कीर्तन के साथ शुरू हुआ। भक्तों ने भगवान श्री कृष्ण और श्री बलराम की महिमा का गुणगान करते हुए सामूहिक रूप से हरिनाम संकीर्तन किया। कीर्तन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में भावविभोर नजर आए।

इसके बाद श्री कृष्ण-बलराम जी का भव्य अभिषेक किया गया। अभिषेक में दूध, दही, शहद, घी, विभिन्न प्रकार के फलों के रस और पुष्पों का प्रयोग किया गया। अभिषेक के पश्चात भगवान को नवीन एवं सुंदर पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया गया। सजे-धजे विग्रहों के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

बलराम पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बलराम को विशेष रूप से प्रिय माने जाने वाले वारुणी का भी भोग अर्पित किया गया। इसे दूध, दही और शहद से तैयार किया गया था। इसके अतिरिक्त भगवान को 108 से अधिक प्रकार के व्यंजनों का भोग समर्पित किया गया।

भोग में देश-विदेश की विविध खाद्य परंपराओं से जुड़े व्यंजन शामिल रहे। इनमें विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, परांठे, पूरी, कचौड़ी, सब्जियां, पकौड़े, केक, बिस्किट, पेस्ट्री सहित अनेक प्रकार के पकवान शामिल थे। भोग अर्पण के दौरान भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

आध्यात्मिक शक्ति और गुरु-तत्त्व के स्वरूप हैं भगवान बलराम धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान बलराम को आध्यात्मिक शक्ति एवं गुरु-तत्त्व का स्वरूप माना जाता है। बलराम पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान बलराम के चरणों में प्रार्थना की और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए आध्यात्मिक शक्ति, सद्बुद्धि एवं आशीर्वाद की कामना की।

इस अवसर पर मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं ने भगवान बलराम की दिव्य लीलाओं और उनकी महिमा का श्रवण किया। सामूहिक भजन-कीर्तन के माध्यम से भक्तों ने आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

उत्सव के समापन पर मंदिर में उपस्थित सभी भक्तों एवं अतिथियों के लिए स्वादिष्ट भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया।

वहीं, शाम के समय पारंपरिक एवं आनंदमयी मटकी फोड़ उत्सव का आयोजन भी किया गया। इसमें भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के बीच इस पारंपरिक आयोजन का आनंद लिया।

बलराम पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस पूरे उत्सव के दौरान इस्कॉन नोएडा परिसर भक्ति, आध्यात्मिकता और उल्लास से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। यह उत्सव भक्तों के लिए भगवान बलराम की कृपा एवं महिमा का स्मरण करने और सामूहिक रूप से भक्ति, सेवा तथा आनंद का अनुभव करने का अवसर रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित