नोएडा , मई 16 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 63 स्थित डी-139 और डी-140 में दो गारमेंट कंपनियों में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर एक दर्जन से अधिक दमकल वाहन और कर्मी पहुंच गए। विकट गर्मी और तेज धुंए के बीच दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग की तीव्रता के कारण इसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण है।
कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहयोग करते हुए सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग लगने के दौरान किसी के फंसे होने या चोटिल होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं, जो आग बुझाने के कार्य की निगरानी कर रहे हैं और आसपास के इलाकों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरते जा रहे हैं।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और प्रारंभिक आकलन के अनुसार कंपनी को भारी संपत्ति और उत्पादन सामग्री का नुकसान हुआ है। हालांकि अभी तक पूरी हानि का विवरण सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित