नोएडा , अगस्त 01 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह शातिर सदस्यों को सेक्टर-27 सर्विस रोड से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 15 दोपहिया गाड़ियां, मोबाइल फोन बेचकर प्राप्त 2,200 की नकदी तथा चार अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई के पश्चात यह जानकारी दी कि सेक्टर-20 थाना पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना मिलने पर घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव चौहान, अजय कुमार, सचिन कुमार, कृष्णा शेरा, विजय कुमार और बृजेश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी की बारह मोटरसाइकिल और तीन स्कूटी बरामद की हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी और स्नेचिंग के मोबाइल फोन बेचकर 2,200 नकद प्राप्त किए थे, जिसे भी पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में सेक्टर-20 थाना में मु0अ0सं0 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी राजीव चौहान लंबे समय से वाहन चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट सहित 21 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी अजय कुमार के खिलाफ भी गौतमबुद्धनगर में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। गिरोह के अन्य चार आरोपियों के विरुद्ध भी वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही बरामद वाहनों को उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित