नोएडा , जून 29 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर 9 स्थित बी-25 के सामने बनी एक झुग्गी में सोमवार को शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और फायर सर्विस को दी।
सोमवार को पुलिस द्वारा जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि,सूचना मिलते ही फेस वन पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर किया। वहीं, फायर सर्विस की चार दमकल गाड़ियों को भी मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने के कारण आग आसपास की झुग्गियों और अन्य संपत्तियों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, संबंधित विभाग द्वारा घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। आग बुझने के बाद पुलिस और फायर विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। समय पर पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते जनहानि टल गई। हालांकि, आग से झुग्गी में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट होने की आशंका है, जिसके नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित