नोएडा , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में गुरुवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।

प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय घात माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान नीरज कुमार (32) के रूप में हुई है। नीरज तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में चिकित्सकीय जांच और उपचार के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गयी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सेक्टर-39 थाना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित