नोएडा , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के हरौला स्थित सेक्टर-5 में एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान भोला पुत्र हरी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले थे और अपने परिवार के साथ नोएडा में किराए के मकान में रह रहे थे।
पुलिस ने सोमवार जानकारी देते हुए बताया कि, जिला चिकित्सालय की ओर से फेस वन थाना पुलिस को मृतक भोला के संबंध में मेमो प्राप्त हुआ। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि भोला अपने परिवार के साथ हरौला, सेक्टर-5, नोएडा में किराए के मकान में रहते थे। वह मूल रूप से ग्राम गरीब पट्टी खतौनी, थाना रामपुर कारखाना, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उनकी उम्र करीब 46 वर्ष बताई गई है।
वह 25 अक्टूबर की रात अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण मकान की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर फेस-1 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित