नोएडा , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा में चल रहे धरना-प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। नोएडा पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर सुदृढ़ पुलिस व्यवस्थापन किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में बनी रही।
मंगलवार को पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, नोएडा सेक्टर 121 गढ़ी चौखंडी गांव स्थित सोसाइटी क्लियो काउंटी, और सेक्टर-70 क्षेत्र में घरेलू सहायिकाओं (मेड) द्वारा अपने वेतन में वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। इन सभी स्थानों को एक ही घटना स्थल के रूप में चिन्हित किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर एकत्रित हुईं।
पुलिस प्रशासन ने मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की थी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई। अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी कानून-व्यवस्था बिगड़ने की कोई सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित