नोएडा , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अंतर्गत बरौला गांव में गुरुवार को गैस लीक होने से आग लग गयी, जिसके कारण तीन युवक बुरी तरह झुलस गये।
जख्मी युवकों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस बताया कि बताया कि बरौला गांव में एक मकान में किराए पर रह रहे युवक खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से लीक हुई गैस ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग गैस पाइप तक पहुंच गई और रसोई में तेज लपटें उठने लगीं।
आग बुझाने की कोशिश के दौरान शिवम, अनु और शनि नाम के तीन युवक उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में गैस सिलेंडर नहीं फटा, बल्कि गैस लीक होने के कारण पाइप में आग लगी थी। समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और गैस लीक होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही, सुरक्षा मानकों को लेकर भी जांच की जाएगी।
गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय पाइप और रेगुलेटर की नियमित जांच, वेंटिलेशन और लीकेज की तुरंत पहचान ऐसे हादसों से बचा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित