नोएडा , फरवरी 26 -- किसानों ने गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर 16 स्थित बिजली घर गेट पर प्रदर्शन किया।
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
भारतीय किसान परिषद संगठन के नेतृत्व में हजारों की संख्या में एकत्रित हुए डूब क्षेत्र निवासियों सहित प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि डूब क्षेत्र में रहने के बावजूद उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। उनका आरोप है कि वर्षों से बिजली कनेक्शन और बिलिंग के मामले में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
किसानों ने जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) कार्यालय की ओर कूच करने का ऐलान भी किया, जिसके बाद प्रशासन ने इलाके में कड़ी बैरिकेडिंग कर दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
इस प्रदर्शन में एक अन्य मुद्दा भी जुड़ गया। कुछ प्रदर्शनकारी 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म के विरोध में भी नारेबाजी करते दिखे। उनका कहना है कि इस पर रोक लगाई जाए और रिलीज न होने दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित