नोएडा , अप्रैल 05 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर की नोएडा महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सेक्टर-52 स्थित कैंप कार्यालय में रविवार को मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों का गहन मूल्यांकन किया गया और आगामी कार्यक्रमों एवं रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम आयोजक एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सदस्य यतेंद्र शर्मा जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बाबू जगजीवन राम के सामाजिक न्याय, समानता और दलित उत्थान के लिए किए गए योगदान को याद किया और उनके विचारों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताया।

बैठक के दौरान संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी की नीतियों और योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और नियमित संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा जनसंपर्क अभियान को तेज करने, स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश भी दिए गए। आगामी दिनों में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, सभाओं और अभियानों को आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में महानगर कांग्रेस कमेटी के सभी प्रमुख पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित