नोएडा , अक्टूबर 30 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा स्थित बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मृत्यु हो गई।
सेंट्रल नोएडा के पुलिस उपायुक्त डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि आज थाना बिसरख पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर नंबर-23 में दो लोग ऊपर से गिर गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर रणदीप पात्रा (40) पुत्र अमल कुमार पात्रा और उनके बेटे आरव (11) को गंभीर अवस्था में पाया गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रणदीप पात्रा की पत्नी ने पुलिस को बताया कि परिवार को आज सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए घर से निकलना था। इसी तैयारी के दौरान रणदीप अपने बेटे के साथ बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे। बालकनी में फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान सीढ़ी से फिसलने के कारण पिता और पुत्र का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बालकनी से नीचे गिर गए।
हालांकि, हादसे की परिस्थितियों को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित