नोएडा , जून 09 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-31 स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के समीप एक आलीशान मकान की पहली मंजिल पर मंगलवार को अचानक एयर कंडीशनर (एसी) में धमाका हाेने के बाद आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एसी में हुए धमाके के बाद आग लगी, जिसके कारण मकान से घना काला धुआं निकलने लगा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ समय की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया, जिससे आग को मकान के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका जा सका।

आग लगने के दौरान मकान से उठते काले धुएं के गुबार दूर तक दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने भी शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन धुएं और आग की लपटों की तीव्रता को देखते हुए तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर एसी ब्लास्ट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि दमकल और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। आग की चपेट में आकर कितना सामान क्षतिग्रस्त हुआ है, इसका आकलन भी किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित