नोएडा , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 58 थाना पुलिस ने मोबाइल स्नेचर गैंग के एक सक्रिय सदस्य और गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गत शनिवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर 60 क्षेत्र से लगभग 23 वर्षीय अमन पुत्र मेवाराम को गिरफ्तार किया गया। जो मूल रूप से जिला मैनपुरी के कटरा रामनगर, किसनी थाना का निवासी है और वर्तमान में नोएडा सेक्टर 121 के गढ़ी चौखंडी गांव, फेस तृतीय थाना क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस की जांच पड़ताल में पकड़े गए वांछित आरोपी पर विभिन्न थानों में लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल उन्नीस मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नोएडा सेक्टर 58, फेस तृतीय, सेक्टर 24, सेक्टर 49, सेक्टर 63 और सेक्टर 113 क्षेत्रों में दर्ज मामले शामिल हैं।

आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 से 2026 के बीच भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में दर्ज मुकदमा गैंगस्टर एक्ट तथा आर्म्स एक्ट थाना सेक्टर-58 में पंजीकृत है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमन क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल स्नेचर गैंग का सदस्य है और राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने की घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। और इसके अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित