नोएडा , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, तीन मोबाइल फोन, दो पीली धातु की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 14,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने बुधवार को संवादाताओं को बताया कि दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से एनसीआर क्षेत्र में घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र कृपाल सिंह (23) निवासी ग्राम सतरोही, थाना सहावर, जिला कासगंज, हाल निवासी एफ-ब्लॉक, जे.जे. कॉलोनी, वजीरपुर, थाना भारतनगर, दिल्ली तथा सुमित वाल्मीकि पुत्र नेकराम मनोज वाल्मीकि (19) निवासी ग्राम मेहोना, थाना उझानी, जिला बदायूं, हाल निवासी गली नंबर-21, किराये का मकान, ग्राम शाहपुर, सेक्टर-128, थाना सेक्टर-126, नोएडा के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों से पता चला कि, वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर एनसीआर क्षेत्र में घूमते थे और रास्ते में आने-जाने वाले लोगों से मोबाइल फोन और चेन छीनकर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पिछले दो-तीन महीनों के दौरान नोएडा सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में भी चेन और मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
छीने गए मोबाइल फोन और चेन को वे राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम को आपस में बांटकर अपने शौक और मौज-मस्ती में खर्च करते थे।
आरोपी सुमित के कब्जे से 7,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो पीली धातु की चेन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वहीं दूसरे आरोपी सुमित वाल्मीकि के कब्जे से 7,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों के पास से कुल 14,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित