सेंट्रल नोएडा , सितंबर 05 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन फेस तृतीय थाना पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की नौ मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की हैं। इसके अलावा पुलिस ने .315 बोर का एक तमंचा और दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो बाल अपचारियों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई बीट पुलिसिंग और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। फेस तृतीय थाना पुलिस ने आरोपी वंश पुत्र प्रमोद को एचपी पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड,नोएडा सेक्टर-71,से गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पहले रेकी करता था और सुनसान स्थानों पर खड़े मोटरसाइकिल व स्कूटी को निशाना बनाता था। चोरी किए गए वाहनों को वह ऐसे स्थानों पर छिपाकर रखता था, जहां आम लोगों की आवाजाही कम रहती थी। इसके बाद आरोपी इन चोरी के वाहनों को अपनी मजबूरी बताकर राह चलते लोगों को कम कीमत में बेच देता था। वाहनों को बेचकर मिलने वाली रकम को वह अपने निजी खर्च और शौक-मौज में खर्च करता था।

आरोपी आमजन को डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध हथियार भी रखता था। पुलिस की कार्रवाई में उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश पुत्र प्रमोद, निवासी पुरैनी मोहल्ला, महारथपुर नगीना, बिजनौर तथा वर्तमान निवासी ममूरा गांव, सेक्टर-66, थाना फेस तृतीय के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मादक पदार्थ, अवैध शस्त्र, आबकारी अधिनियम तथा अन्य धाराओं में कुल 12 अभियोग दर्ज हैं।

इनमें फेस तृतीय थाना में वर्ष 2026 का वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा, फेस- वन थाना में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा तथा थाना सेक्टर-58 में वर्ष 2023 और 2024 के लूट एवं चोरी से संबंधित कई मामले शामिल हैं। इसके अलावा थाना फेस-तृतीय में वर्ष 2025 और 2026 में भी आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अब बरामद किए गए वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों और संबंधित मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों के बारे में भी जांच की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित