नोएडा , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 20 थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घरों और अस्पतालों से लैपटॉप चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए 17 लैपटॉप, अवैध शस्त्र, घटना में इस्तेमाल किए जाने वाली स्कूटी और आधार कार्ड की कई कॉपियां बरामद की है।
पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार चोरों की जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए सेक्टर 18 अट्टा अंडरपास के पास से कमल और दुष्यंत (उर्फ) बोनी को गिरफ्तार किया गया। दोनों दिल्ली-एनसीआर में घरों और अस्पतालों को निशाना बनाकर लैपटॉप चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार चोरों के कब्जे से 17 चोरी के लैपटॉप बरामद हुए हैं, जिनमें से एक एचपी कंपनी का लैपटॉप थाना सेक्टर-20 में दर्ज मुकदमा से संबंधित है। इसके अलावा दो अवैध तमंचे के जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद की गई, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
पुलिस द्वारा छानबीन और जांच में पाया कि, दोनों पर पहले से ही चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। कमल सिंह पर दिल्ली और नोएडा में हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं, वहीं दुष्यंत (उर्फ) बोनी पर चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट सहित नौ से अधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार चोरों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है। नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी गिरोहों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित